
भरमौर (चंबा)। प्रतिष्ठित बैंकों का सदस्य बताकर लोगों से उनका खाता नंबर व एटीएम नंबर पूछ कर ठगी करने वाले गिरोह का शिकार एक स्थानीय शिक्षक भी हुए हैं। शनिवार को स्थानीय आईटीआई में तैनात शिक्षक अरुण कुमार को सुबह 08294673285 नंबर से कॉल आई। इसके बाद खुद को पीएनबी का ब्रांच मैनेजर बताकर एक शातिर ने उनसे उनका एटीएम नंबर व नाम पता पूछ लिया। उसने बताया कि उनके एटीएम की वैद्यता खत्म होने वाली है। उसको रिन्यू करने के लिए अपना पिन नंबर बताएं। अरुण कुमार ने तुरंत अपना नंबर बताया दिया। जब बाद में उसने अपना खात चेक किया तो उसके खाते से 6600 रुपये गायब हो चुके थे। उसने बताया कि इस बारे में उसने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। इसके अलावा एडीएम जितेंद्र कंवर को भी अवगत करवा दिया है। उधर, एसएचओ भरमौर ज्ञान सिंह ठाकुर ने बताया कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आती है तो उसे अटेंड न करें। उन्होंने कहा कि शातिरों से सावधान रहने की जरूरत है। इसके लिए अपने परिवार के सभी सदस्यों को भी जागरूक करें।
