
चंबा। पल्यूर पंचायत के बटकर गांव के युवक को रीछ ने हमला कर घायल कर दिया है। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और अस्पताल में युवक का उपचार चल रहा है। विजेंद्र कुमार पुत्र बुधिया राम गांव बटकर पंचायत पल्यूर घर वापिस लौट रहा था और गांव के साथ लगते जंगल में रीछ ने हमला कर युवक को बुरी तरह घायल कर दिया। युवक ने रीछ के हमले का मुकाबला कर बड़ी मुश्किल से रीछ के चंगुल से खुद को बचाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना राष्ट्रीय एंबुलेंस को दी। इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन मोहम्मद रफी और अनिल ने मौके पर जाकर युवक को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जिला अस्पताल के डॉ. राजेंद्र विष्ठ ने बताया कि युवक के टांग एवं पीठ में चोट आई है। युवक को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में दाखिल कर लिया गया है।
