भारी बर्फबारी की चेतावनी पर प्रशासन अलर्ट

केलांग (लाहौल-स्पीति)। प्रदेश में चार से छह फरवरी के बीच भारी बर्फबारी के चेतावनी के बाद लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। भारी बर्फबारी के बीच किसी भी आपदा से निपटने के लिए लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में रविवार को भारी बर्फबारी में आपदा से निपटने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने केलांग में आपदा से निपटने का बर्फ के बीच जमकर अभ्यास किया। अभ्यास में जवानों को बर्फबारी के दौरान किसी भी आपदा से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में तुरंत बचाव दल के दस जवानों तथा होमगार्ड के जवानों को थाना प्रभारी लोकेंद्र नेगी द्वारा पूर्ण सावधानियों के साथ आपदा के दौरान बचाव का अभ्यास करवाया गया। थाना प्रभारी लोकेंद्र नेगी ने बताया कि इस पूर्व अभ्यास का आयोजन इसलिए किया जा रहा है क्योंकि जिले में 4 से 6 फरवरी के बीच भारी बर्फबारी के चेतावनी दी गई है। ऐसे में बर्फबारी के दौरान किसी भी प्राकृतिक आपदा तथा ग्लेशियर आदि से निपटने के लिए जवानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही जवानों के आपदा से निपटने के कौशल को बढ़ाया जा रहा है। पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने बर्फ और ठंड के बीच अपनी कौशल को बढ़ाने के लिए घंटों अभ्यास किया।

Related posts