लदवाड़ा के पास कार पेड़ से टकराई

द्रम्मण (कांगड़ा)। जिला में बारिश के बाद बुधवार को भी मौसम खराब रहा है। शाम के समय जिला में धुंध पड़ी। इससे वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी पेश आई है। हाईवे पर एक कार पेड़ से टकरा गई तो वहीं तीन कारें भी आपस में भिड़ीं हैं। कांगड़ा-पठानकोट मार्ग पर लदवाड़ा के पास धुंध होने के कारण एक कार पेड़ से टकरा गई है। कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम को धुंध होने के कारण तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। इससे गाड़ी में सवार तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए शाहपुर अस्पताल लाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। लदवाड़ा पुल के पास धुंध के कारण एक कार चालक ने यकायक ब्रेक लगा दी। इससे कार के पीछे आ रही कार सीधी खड़ी कार से टकरा गई। यही नहीं पीछे आ रही तीसरी कार ने भी कार को जोरदार टक्कर मारी है। दुर्घटना में गाड़ियों को ही नुकसान हुआ है। गाड़ी में सवार तमाम लोगों को चोटें नहीं आई हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।

छोटी नागनी में टकराई निगम की बसें
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना क्षेत्र नूरपुर के तहत छोटी नागनी में बुधवार प्रात: नेशनल हाईवे पर हिमाचल परिवहन निगम की दो बसों में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बसों के चालक मामूली रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह धुंध के कारण धर्मशाला से पठानकोट जा रही परिवहन निगम की बस (एचपी-68-2854) और पठानकोट से कुल्लू जा रही परिवहन निगम की बस (एचपी-66-3488) की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बसों के चालक रणवीर सिंह व लेखराज घायल हो गए। दोनों को 108 की मदद से नूरपुर अस्पताल पहुंचाया गया।

वाहन की टक्कर से चंबा निवासी घायल
धर्मशाला। दाड़ी के पास एक व्यक्ति वाहन की चपेट में आ घायल हो गया। घायल का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात दाड़ी के पास तरुण ठाकुर निवासी पांगी (चंबा) अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान तरुण को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

खराब मौसम में दो कारें पलटीं
धर्मशाला। बारिश और धुंध पड़ने के कारण मैकलोडगंज के समीप दो गाड़ियां स्किड होने के कारण पलट गई। हालांकि, हादसों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पोस्ट ऑफिस मैकलोडगंज के पास एक कार स्किड होकर पलट गई। वहीं, फायरिंग रेज मैकलोडगंज के पास भी एक कार बारिश के कारण स्किड हो गई। हादसे में कार को काफी नुकसान हुआ है। कार में सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर लिया है। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि इस संबंध में कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर लिया है।

Related posts