दियोट्सिद्ध में नववर्ष पर गूंजे बाबा के जयकारे

बड़सर (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में नव वर्ष के शुभ आगमन पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेका। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा हुआ था तथा रातभर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते रहे। रात को 12 बजे नववर्ष के आगाज होते ही मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दियोटसिद्ध मंदिर के पास पटाखे, आतिशबाजी छोड़ी। बाबा के दरबार में लंगरों का आयोजन किया गया था। पुलिस प्रशासन, न्यास प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके पुख्ता प्रबंधक किए गए थे।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में नववर्ष के दिन हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा जी की पवित्र गुफा में माथा टेका और बाबा जी का आशीर्वाद लिया। मंदिर न्यास के चेयरमैन एवं एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने नववर्ष के उपलक्ष्य में बाबा बालक नाथ मंदिर में हवन किया तथा बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेका। प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में आकर नववर्ष का आगाज करने की तमन्ना लेकर बुधवार को हजारों की तादात में श्रद्धालु दियोटसिद्ध पहुंचे।
मंगलवार सुबह से श्रद्धालु दियोटसिद्ध पहुंचना शुरू हो गए। श्रद्धालुओं के दियोटसिद्ध पहुंचने का क्रम बुधवार को पूरा दिन चलता रहा जो देर शाम तक लगातार जारी रहा। पंजाब, हरियाणा, जम्मू, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों से बाबा के भक्त दियोटसिद्ध पहुंचे। मंदिर परिसर ताजा फूलों से सजाया गया था। मंदिर न्यास प्रशासन द्वारा भी अतिरिक्त प्रबंध व्यवस्था की गई थी ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना न करना पडे़। न्यास प्रशासन द्वारा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के खाने पीने, रहने की उचित व्यवस्था की गई थी।
उधर, इस संदर्भ में मंदिर अधिकारी सुरेश पटियाल ने बताया कि नए साल के आगाज के दौरान भीड़ नियंत्रण पाने के लिए मंदिर में विशेष प्रबंध किया गया था। मंदिर के कपाट पूरी रात खुले रखे गए। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को हर सुविधा देने के लिए न्यास प्रशासन प्रयासरत है।

Related posts