
पार्टी ऑल नाइट…। ये पार्टी यूं ही चलेगी, धूम मचा ले, गेट ऑन द डांस फ्लोर, तमंचे पे डिस्को। जी हां, नए साल के जश्न के मौके पर हर तरफ इसी तरह के गीत गूंजते रहे।
होटल या रेस्तरां की पार्टी हो या फिर घर की पार्टी, हर जगह युवा थिरकते हुए नजर आए। जश्न के रंग को बेरंग होने से बचाने के लिए पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
कनॉट प्लेस में इस साल भी जश्न मनाने के लिए युवाओं की काफी भीड़ उमड़ी। जैसे ही नए साल का काउंटडाउन शुरू हुआ, लोगों के पैर थिरकने तेज हो गए।
नया साल 2014 शुरू होते ही सभी ने एक दूसरे को बधाई दी और नाचते गाते हुए नए साल का स्वागत किया। सभी ने अपने-अपने तरीके से खास अंदाज में जश्न मनाया। कोई होटलों और रेस्तराओं में आयोजित पार्टियों में पहुंचा, तो किसी ने दिनभर घूम फिरकर मौज-मस्ती की।
शाम होते-होते अपने कामों को निपटा लोग सड़कों पर, फार्म हाउस, रेस्तरां, पब में जुटने लगे। जैसे-जैसे नए साल का समय नजदीक आता गया, जश्न का दौर तेज होता गया। रात के 12 बजते ही आतिशबाजी से आकाश रंगीन हो गया। लोगों ने नए संकल्प के साथ वर्ष 2013 को अलविदा कहा।
पुलिस ने कनॉट प्लेस आने वाले सभी प्रमुख मार्गों और अन्य पॉश इलाकों में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली। किसी भी स्थान पर लोगों को भीड़ के रूप में इकट्ठा नहीं होने दिया गया।
शाम होते ही डबल हुआ जोश
शाम होते ही युवाओं का जोश दोगुना हो गया। वे एक नए जोश में निर्धारित तय कार्यक्रम के मुताबिक विभिन्न होटलों, रेस्तराओं और डिस्को में आयोजित पार्टियों में पहुंचने लगे। सबसे ज्यादा भीड़ दक्षिण दिल्ली और कनॉट प्लेस में रही। पार्टियों में पहुंचते ही युवाओं ने धमाल मचाना शुरू कर दिया। म्यूजिक की होश उड़ा देने वाली तेज धुनों पर युवा जमकर थिरके। मदहोशी और नाच-गाने का यह आलम देर रात तक चला।
