एक दर्जन गांव 15 घंटे से अंधेरे में

एक दर्जन गांव 15 घंटे से अंधेरे में
बद्दी (सोलन)। दून विधानसभा की तीन पंचायतों में एक दर्जन से अधिक गांव 15 घंटे से अंधेरे में डूबे हुए हैं। इन पंचायतों में तकनीकी खराबी आने से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। बिजली न होने से कड़ाके की इस ठंड में जहां लोगों को ठिठुरना पड़ रहा है वहीं क्षेत्र की उठाऊ पेयजल योजना ठप पड़ी है जिससे लोगों को पानी भी नहीं मिल रहा है।
बरोटीवाला के फीडर नंबर दो सोमवार रात्रि दो बजे बंद हो गया। इसके बंद होते ही बरोटीवाला, मधाला और कालू झिंडा पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांव की तीन हजार की आबादी अंधेरे में डूब गई। वहीं 15 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक विद्युत कर्मियों को खराबी का पता नहीं चला है। ग्रामीण भाग चंद शर्मा, तारा चंद शर्मा, हरीश कुमार, हुकम चंद, अमर सिंह, दीवान चंद, प्रवीण कुमार और सुरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि बिजली की लाइन में बोर्ड की ओर से जो भी सामान लगा है वह घटिया स्तर का होने से बार-बार बिजली के कट लग रहे हैं। इस माह में तीन बार बिजली दस-दस घंटों तक ठप रही। इस संबंध में विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता राजीव सूद ने बताया कि तकनीकी फाल्ट आने से समस्या आई थी। बोर्ड की टीम लाइन पर कार्य कर रही है, शीघ्र ही खराबी को दूर कर लाइन को सुचारु कर दिया जाएगा।

Related posts