
सरकाघाट (मंडी)। आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों ने टैक्स चोरी पर शिकंजा कसते हुए हमीरपुर जिले के एक ट्रांसपोर्टर से 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। आबकारी एवं कराधान कार्यालय सरकाघाट अब तक पांच लाख से अधिक का जुर्माना वसूल चुका है।
टैक्स चोरी पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी एवं करधान विभाग ने ईटीओ की शक्तियां बढ़ाकर अपने क्षेत्र से बाहर दूसरे जिलों में चेकिंग करने का अधिकार दिया है। इसके बाद सरकाघाट आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों ने फेस्टिवल सीजन के दौरान जिला हमीरपुर में एक ट्रांसपोर्टर के यहां छापा मारा था। गाड़ियों की चेकिंग करने पर व्यापारी ने बिल में जिन वस्तुओं को दर्शाया था, उसके बदले अन्य सामान मिला। इसका न टैक्स अदा किया था और न ही बिल सही थे।
आबकारी एवं कराधान अधिकारी प्रीतपाल सिंह और अनिल सोनी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट ने आनलाइन डिक्लेरेशन में 5400 रुपये का सामान दर्शाया था। निरीक्षण के दौरान एक लाख रुपये के मूल्य से अधिक का सामान मिला। इस पर व्यापारी को 38 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका है। सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त राकेश भारती ने बताया कि अकेले सरकाघाट कार्यालय के अधिकारी अब तब टैक्स चोरी के मामले में पांच लाख से अधिक का जुर्माना वसूल चुके हैं।
