
मंडी। राज्य सहकारी बैंक की बागाचनोगी शाखा में मनरेगा मजदूराें की मजदूरी का पैसा जमा न होने से लोग परेशान हैं। मनरेगा मजदूरों का नवंबर माह से मजदूरी का भुगतान लटका पड़ा है। बैंक आईएफएससी कोड न मिलने की बात कह रहा है। इस पर लोगाें ने डीसी से शीघ्र इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। भाटकीधार के लोगाें ने इस सिलसिले में पंचायत में प्रस्ताव पारित कर डीसी मंडी को भेजा है। प्रधान शिव चंद ने बताया कि भाटकीधार, कल्हणी, जैशिला, बागाचनोगी और थाना पंचायताें के लिए यही एक बैंक शाखा है। लेकिन मनरेगा के तहत मजदूराें की नवंबर माह से अदायगी उनके बैंक खाते में जमा नहीं हुई है। पंचायत प्रधान का कहना है कि बैंक अधिकारी अभी तक बैंक शाखा को आईएफएससी कोड न मिलने की बात कह रहे हैं। लोगाें का कहना है कि उन्हें सर्दी के लिए पांच माह का राशन खरीदना है लेकिन मजदूरी का भुगतान न होेने से मुश्किलें पेश आ रही हैं।
