
नई दिल्ली: दिल्ली की नई विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो रहा है जो सात जनवरी तक चलेगा। इसी दौरान अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार सदन में विश्वास मत हासिल करने का प्रयास करेगी। नए विधायकों को आज पद की शपथ दिलाई जाएगी जबकि सरकार दो जनवरी को विश्वास मत हासिल करने का प्रयास करेगी। विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव तीन जनवरी को होना है।
उपराज्यपाल नजीब जंग छह जनवरी को सदन को संबोधित करेंगे। सात जनवरी को जंग के अभिभाषण पर चर्चा होगी। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में आप के 28 विधायक हैं जो बहुमत की संख्या से आठ कम है। आप को कांग्रेस के आठ विधायकों का समर्थन है जिसके बदौलत वह बहुमत पा सकती है। सदन में भाजपा के 31 और सहयोगी अकाली दल का एक विधायक है। आप ने पहली बार विधायक बने एमएस धीर को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है।
