
चंबा/तीसा। उपमंडल तीसा के चांजू में निर्माणाधीन एक विद्युत कंपनी के काम के लिए नियमों को ताक पर चलाए जा रहे स्टोन क्रशर के खिलाफ विभाग और प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पाए हैं। हैरानी की बात है कि यहां अवैध तौर पर हो रहे खनन के खिलाफ पहले भी कई बार ग्रामीण आवाज बुलंद कर चुके हैं, मगर अभी तक इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इस मामले में कोर्ट के आदेशों की भी परवाह नहीं की गई है।
इससे यहां पर्यावरण को नुकसान के साथ-साथ सरकारी संपत्ति को भी लाखों का नुकसान हो रहा है। चरचा है कि यहां दो साल से अवैध क्रशर चल रहा है और प्रशासन व विभाग आंखें मूंदे बैठे हुए हैं। परियोजना निर्माण के लिए इसी क्रशर से भारी मात्रा में रेत बजरी भेजी जा रही है और धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। उधर, इस निजी परियोजना के अधिकारी एसबी ललित ने बताया कि क्रशर लगाने के लिए संबंधित विभाग से एनओसी के लिए अप्लाई कर रखा है। उन्होंने कहा कि जल्द एनओसी मिल जाएगी। उधर, जिला उद्योग विभाग के जीएम ओपी जरियाल ने बताया कि क्रशर मालिक को दो दिन पहले ही नोटिस जारी किया गया है और यहां खनन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, एसडीएम तीसा राकेश वर्मा ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। अवैध खनन रोकने के लिए खनन अधिकारी ही कार्रवाई करते हैं।
