जमकर नचाएगी और खिलाएगी पहाड़ों की रानी

शिमला। तो न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर पहाड़ों की रानी जमकर नचाने और खिलाने के लिए तैयार है। हर किसी के लिए खास बंदोबस्त हैं। नचाने के लिए कपल डांस, लैमन डांस, स्टेचू डांस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी तो खाने में 65 लजीज व्यंजनों का मेन्यू बनकर तैयार है।
आशियाना रेस्टोरेंट के सीनियर मैनेजर बीआर चौहान ने बताया कि इस साल हिमाचली व्यंजनों को खास तौर पर परोसा जाएगा। रोलर स्केटिंग रिंक लक्कड़ बाजार में शाम सात बजे से बारह बजे तक मास्क रेड पार्टी है। प्रबंधक प्रवीण टंडन की मानें तो इसमें कपल के लिए चार हजार, सिंगल के लिए दो हजार और लड़कियों के लिए पंद्रह सौ रुपये एंट्री फीस निर्धारित की गई है। इसमें उन्हें अनलिमिटिड स्नैक्स, ड्रिंक्स और खाना परोसा जाएगा। डीजीएम विजय शर्मा ने बताया कि पीटरहाफ और होटल हालीडे होम में पर्यटकों के लिए 65 लजीज व्यंजनों का मेन्यू तैयार किया गया है। इसमें इंडियन, इटालियन, चाइनीज, थाई, हिमाचली व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अलावा होटल हालीडे होम में कपल डांस, लैमन डांस, स्टेचू डांस जैसी प्रतियोगिताएं करवाकर बेस्ट कपल और पीटरहाफ में बेस्ट प्रिंस, प्रिंसेस चुने जाएंगे।
————
सरकारी-निजी होटल पैक
शिमला। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए होटलों में आक्यूपेंसी 90 से 100 फीसदी तक पहुंच गई है। कमरों की ऑनलाइन बुकिंग में भी इजाफा हुआ है। एचपीटीडीसी के होटलों में भी कमरों की बुकिंग में तेजी आई है। सड़क और रेलमार्ग से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। होटलियर एसोसिएशन शिमला के महासचिव अश्वनी सूद ने बताया कि क्रिसमस से सैलानियों की आमद में इजाफा होना शुरू हो गया था। पर्यटन विभाग के निदेशक मोहन चौहान ने बताया कि टूरिस्ट सीजन के दौरान शिमला पहुंच रहे सैलानियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

Related posts