
अल्मोड़ा। राजकीय शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी का एक शिष्टमंडल विभिन्न समस्याओं को लेकर सीईओ अशोक कुमार जुकरिया, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अतुल सेमवाल और जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) से मिला।
शिष्टमंडल ने अधिकारियों के सामने प्रवक्ता, एलटी के चयन, प्रोन्नत प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने, यात्रा अवकाश का स्पष्ट आदेश निर्गत करने, सभी तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण आदेश जारी करने, दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के लिए दुर्गम भत्ते का शासनादेश जारी करने, शिक्षकों को एसीपी का लाभ देने, शारीरिक शिक्षा में प्रवक्ताओं के पद सृजित करने, कुमाऊं मंडल के तदर्थ शिक्षकों को 10 वर्ष में चयन, 22 वर्ष में प्रोन्नत वेतनमान का लाभ देने समेत 15 सूत्री मांगें रखी।
जिला उपाध्यक्ष नूर अफजल ने बताया कि सीईओ श्री जुकरिया ने बताया कि सहायक अध्यापक एलटी के चयन प्रोन्नत वेतनमान के प्रकरण निस्तारित कर दिए गए। प्रवक्ताओं के चयन, प्रोन्नत के प्रकरण अपर निदेशक नैनीताल को भेज दिए गए। एलटी स्थायीकरण के आपत्ति प्रकरणों को निस्तारित कर नैनीताल भेजा जाएगा। शिष्टमंडल में जिलाध्यक्ष बलवंत नेगी, जिला मंत्री हीरा सिंह बोरा, बीडी पांडे, कैलाश डोलिया, किशन खोलिया, मोहन भट्ट, जगदीश पांडे, रमेश धपोला, मनोज पांडे, माधो सिंह बिष्ट, डा. कपिल नयाल, पीसी तिवारी, जगदीश सुयाल, गोपाल सिंह बिष्ट आदि थे।
