
शिमला। रेलवे ट्रैक टुटू में रीता शर्मा, निवासी मज्जाठ से शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे स्नेचिंग हुई है। अज्ञात युवक ने झपटा मारकर महिला के गले से हार छीनने का प्रयास किया। लेकिन हार युवक के हाथ नहीं आया। अज्ञात युवक हार में लगा लॉकेट लेकर फरार हो गया है। रीता शर्मा रेलवे ट्रैक होते हुए शालाघाट (शोघी) की ओर जा रही थी। रेलवे पुलिस ने छीनाझपटी का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी परम देव ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी हुए लॉकेट की कीमत की अभी स्पष्ट जानकारी महिला ने नहीं दी है। उन्होंने कहा कि झपटमार की तलाश जारी है।
शहर में महिलाओं से छीनाझपटी की वारदातें घटने का नाम नहीं ले रही हैं। सिटी पुलिस आज तक एक भी झपटमार को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। स्नेचिंग करने वाले एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्मार्ट पुलिस सिर्फ छानबीन करने के दावे कर रही है। अब रेलवे पुलिस के सुरक्षा बंदोबस्त भी सवालों के घेरे में आ गए हैं। शनिवार को टुटू में हुई स्नेचिंग शहर में होने वाली आठवीं घटना है।
