समावेश से मजबूत होगी आर्थिकी : एडीएम

कुल्लू। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार की दो महत्वाकांक्षी योजनाओं मनरेगा और निर्मल भारत अभियान (एनबीए) का बेहतर समावेश ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित हो सकता है। इनके समावेश से जहां लोगों की आर्थिकी मजबूत होगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्र संपूर्ण स्वच्छता की ओर अग्रसर होंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा के साथ कनवरजेंस करके निर्मल भारत अभियान को पूर्णतय: सफल बनाया जा सकता है। विनय सिंह शनिवार को एनबीए तथा मनरेगा कनवरजेंस पर शुरू हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। दो दिवसीय कार्यशाला में विभिन्न जिलों के डीआरडीए परियोजना अधिकारी, बीडीओ और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी भाग ले रहे हैं। एडीएम ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं को मनरेगा के साथ जोड़कर बेहतर ढंग से कार्यान्वित किया जा सकता है। विनय ने कहा कि एनबीए को सफल बनाने के लिए ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के आपसी समन्वय के अलावा जनप्रतिनिधियों तथा आम लोगों की भागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यशाला के आयोजन के लिए ग्रामीण विकास विभाग की सराहना करते हुए एडीएम ने कहा कि इससे एनबीए के कार्यान्वयन में और तेजी आएगी। इससे पहले ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त निदेशक जितेंद्र सांजटा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यशाला की रूपरेखा की जानकारी दी। कार्यशाला में हरियाणा के अधिकारी हिमाचल के अधिकारियों के साथ अनुभव साझा करेंगे। इस मौके पर डीआरडीए कुल्लू के परियोजना अधिकारी डॉ. संजीव धीमान ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। पहले सत्र में ग्रामीण विकास विभाग हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पूर्ण सिंह यादव ने एनबीए तथा मनरेगा कनवरजेंस पर विस्तृत जानकारी दी। डीआरडीए पानीपत के परियोजना अधिकारी अजय कुमार और कुरुक्षेत्र के परियोजना अधिकारी भूषण पाल ने भी प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।

Related posts