
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री के रूप में मनोनीत अरविन्द केजरीवाल ने सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने के केंद्र के कदम पर आज सवाल उठाया और कहा कि जब दिल्ली में नई सरकार कार्यभार संभालने वाली है तो मूल्य बढ़ाए जाने की क्या जल्दबाजी थी। उन्होंने कहा कि सीएनजी के मूल्य में वृद्धि के चलते राष्ट्रीय राजधानी में ऑटो रिक्शा भाड़े पर पुनर्विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह मामले को देखेंगे और केंद्र से मूल्य बढ़ाए जाने की इस जल्दबाजी का कारण पूछेंगे।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘जब दिल्ली में नयी सरकार सत्ता संभालने जा रही है तो सीएनजी के दाम बढ़ाने की क्या जल्दबाजी थी। इससे उनके इरादों पर संदेह पैदा हो गया है। कल कार्यभार ग्रहण करने पर मैं फाइलों का अध्ययन करूंगा और देखूंगा कि क्या मूल्य वृद्धि को वापस लिया जा सकता है।’’ कल दिल्ली में सीएनजी के दाम 4.50 रूपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए थे । अभी तीन महीने पहले भी सीएनजी की कीमत बढ़ाई गई थी।
