
नई दिल्ली: एक निजी टी.वी. चैनल द्वारा स्टिंग ऑपरेशन के जरिए किए खुलासे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि फाइलों के फटने पर चीफ सेक्रेटरी जिम्मेदार है। इसके साथ आप पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप पार्टी इस मामले की जांच करवाएगी।
गौरतलब है कि एक निजी टी.वी. चैनल ने अपने स्टिंग के जरिए इस बात का खुलासा किया है कि केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में हुई अनियमितताओं पर अफसर पर्दा डालने में लगे हैं। इसके अलावा कई अधिकारी ट्रांसफर ले रहे हैं। चैनल के स्टिंग में पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली के ओ.एस.डी. के सामने ही कई अफसरों को फाइलों में से कागज निकालकर फाड़ते हुए दिखाया गया है। इतना ही नहीं पत्रकार के पूछने पर ओ.एस.डी. ने किसी तरह के भी कागजात फाडऩे से साफ इंकार कर दिया। दूसरी ओर सिं्टग में दिल्ली जल बोर्ड को लेकर भी कुछ खुलासे किए गए हैं।
इस स्टिंग में दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सी.वी.ओ.) ने माना है कि जल बोर्ड में कई अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार की गिरफ्त में हैं। सी.वी.ओ. के पी.ए. के मुताबिक दिल्ली जल बोर्ड ने महज मीटिंग के दौरान हुए लंच पर ही करोड़ों रुपए खर्च कर दिए हैं। पी.ए. ने खुलासा किया है कि दिल्ली जल बोर्ड के निचले दर्जे के कर्मचारियों के पास भी महंगी-महंगी कारें हैं जो सिर्फ भ्रष्टाचार का नतीजा है।
