मांग पर चुराते थे वाहन

गुड़गांव। सीआईए सेक्टर-17 की पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है। लूट की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस तीन दिन की रिमांड पर लेकर छानबीन करने में जुटी है। सीआईए पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-55 में कुछ युवक लूट की साजिश रच रहे हैं। पुलिस टीम ने छापामारी करके तीन युवकों को अवैध पिस्तौल के साथ दबोच लिया। इनकी पहचान पुन्हाना (मेवात) निवासी शाकिर, अलवर (राजस्थान) निवासी वारिश और कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) निवासी अजय उर्फ संजय के रूप में हुई।
अजय वाहन चोर गिरोह का मास्टर माइंड है। उस पर इससे पहले गुड़गांव व दिल्ली समेत कई अन्य जिलों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। अजय चोरी के मामले में जेल भी जा चुका है। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी और राहगीरों को लूटने की वारदात को अंजाम दे रहा था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी की वारदातें करने के बाद वाहनों को चेन्नई पहुंचाता था, वहां वाहन पहुंचते ही उसे हर एक वाहन पर करीब एक लाख रुपये मिल जाते थे। वह चेन्नई में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर वारदात करता था। डिमांड के आधार पर जिस कंपनी के वाहन की जरूरत है, उन पर नजर रखता था। लिफ्ट लेकर भी वाहनों को लूटता था। हाल ही में उसने दिल्ली से एक वरना कार चोरी करने की वारदात कुबूल की है। पुलिस का कहना है कि एक टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार कहां तक फैले हैं। पुलिस जल्द ही इस मामले में कई और भी खुलासे कर सकती है।

Related posts