
चंबा। चंबा कालेज के 60 विद्यार्थियों के भविष्य पर तलवार लटक गई है। इनके प्रथम वर्ष के कंपार्टमेंट के गोल्डन चांस का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ है। इससे सभी विद्यार्थी परेशान हैं। इस कारण वे अगली कक्षा के वार्षिक परीक्षाओं के फार्म भी नहीं भर पाए हैं। दरअसल, ये विद्यार्थी प्रथम वर्ष के एक विषय का पेपर उत्तीर्ण नहीं कर पाए थे और दो चांस में पेपर देने के बाद भी ये इस विषय को पास करने में असफल रहे थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदेश के सैकड़ों विद्यार्थियों की दिक्कत को ध्यान में रखते हुए उनको विषय उत्तीर्ण करने के लिए गोल्डन चांस दिया था। अभी तक प्रदेश विवि ने गोल्डन चांस का रिजल्ट घोषित नहीं किया है। इससे जिले के विभिन्न कालेजों में पढ़ रहे विद्यार्थी द्वितीय व तृतीय वर्ष के पेपर भी नहीं भरवा पा रहे हैं। द्वितीय व तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि खत्म हो चुकी है। इन दिनों विद्यार्थी लेट फीस के साथ परीक्षा फार्म भरवा रहे हैं। वहीं, कालेजों में रेगुलर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि विवि ने 31 दिसंबर निर्धारित की है। जिले के 60 विद्यार्थी चंबा, सलूणी, तीसा, चुवाड़ी व भरमौर कालेज के हैं। ये द्वितीय व तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक आने से भी चिंतित हैं। अगर जल्द परीक्षा परिणाम घोषित हो जाता है तो ये विद्यार्थी लेट फीस के साथ अगली कक्षा का परीक्षा फार्म भर सकते हैं।
इंसेट ……
क्या कहते हैं छात्र नेता
एसएफआई के जिलाध्यक्ष सुदेश राजपूत, एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला और एबीवीवी के परिसर अध्यक्ष ने कहा कि जल्द गोल्डन चांस के तहत पेपर देने वाले विद्यार्थियों का रिजल्ट नहीं निकाला जाता है तो इससे प्रदेश के सैकड़ों विद्यार्थियों को दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। उन्होंने एचपीयू से गोल्डन चांस के तहत पेपर देने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग की है।
उधर, कालेज की प्राचार्य मंजुला शर्मा ने बताया कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं है। फिर भी इस संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
