
रजिस्टर में दर्ज करवाएं शिकायत
धर्मपुर (सोलन)। ग्राम पंचायत जाबली के कार्यालय में स्थानीय लोगों की मांग पर बिजली और पानी शिकायत रजिस्टर लगाया गया है। रजिस्टर के माध्यम से पंचायत क्षेत्र के तहत आने वाले विभिन्न वार्डों के लोग बिजली और पानी से संबंधित शिकायत या सुझाव दर्ज करवा सकते हैं। इस रजिस्टर को बिजली और आईपीएच विभाग के कर्मचारी रोजाना चैक करेंगे तथा जिस क्षेत्र की शिकायत दर्ज हुई है, वहां पर समस्या का समाधान करेंगे।
पंचायत प्रधान गणेश दत्त अत्री ने बताया कि काफी समय से स्थानीय लोगों की यह मांग थी कि पंचायत में बिजली और पानी से संबंधित शिकायतों के बारे में रजिस्टर लगाया जाए। इससे पहले लोगों को इन विभागों से संबंधित शिकायतों के लिए धर्मपुर या परवाणू जाना पड़ता था, जहां उनका पूरा दिन खराब हो जाता था। पंचायत में रजिस्टर लगने से अब लोग यहीं पर शिकायत और सुझाव दर्ज करवा सकेंगे। इस बारे में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग उपमंडल धर्मपुर के सहायक अभियंता पीआर आजाद ने बताया कि विभाग के जाबली में कार्यरत कर्मचारी और कनिष्ठ अभियंता को आदेश दे दिए गए हैं कि वह प्रतिदिन रजिस्टर के माध्यम से लोगों को पेश आ रही शिकायतों का निपटारा करें।
