
66केवी फीडर में जोरदार धमाका, लोग सहमे
नालागढ़ (सोलन)। विद्युत उपकेंद्र नालागढ़ में 66केवी फीडर के ब्रेकर में अचानक ब्लास्ट होने से समूचा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके की धरती पूरी तरह से हिल गई और बत्ती गुल होने से लोग सहम उठे। धमाके के साथ ही एमओसीबी का पोस्ट इंसूलेटर (मेल फीमेल कांटेक्ट) दूर जा गिरा और आग की लपटें उठ गईं। विद्युत कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग बुझाने के बाद 132 केवी फीडर बरोटीवाला से विद्युत आपूर्ति को बहाल किया गया। इस दौरान क्षेत्र में 45 मिनट तक अंधेरा छाया रहा। बुधवार को एससी ट्रांसमिशन ने नालागढ़ का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
नंगल फीडर से इस फीडर में आती है विद्युत
132 केवी नंगल से इस फीडर में विद्युत आती है, जिससे बरोटीवाला फीडर को आपूर्ति होती है। सप्लाई बंद होने से अन्य क्षेत्रों की विद्युत भी प्रभावित हुई। 66केवी फीडर का यह ब्रेकर वर्ष 1985 से स्थापित हुआ है और इसकी लाईफ 20 से 22 साल बताई जाती है, जो कि समाप्त हो चुकी थी। फीडर के ब्रेकर में ऑयल सर्किट मेल फिमेल होते हैं और मेल फिमेल के आपस में जुड़ने से ब्लास्ट होना माना जा रहा है, ब्रेकर ट्रिप न होने से इसमें जोरदार धमाका हुआ, जिसके चलते इसमें आग लग गई।
लगाए जा रहा है नया एमओसीबी
एससी ट्रांसमिशन पंकज डढवाल ने कहा कि अचानक ब्रेकर में ब्लास्ट होने से विद्युत आपूर्ति कुछ समय के प्रभावित हुई, जिसे सुचारु बना दिया गया। नए एमओसीबी लगाया जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्या पेश न आए।
