बस रोककर धुन डाला युवक

स्वारघाट (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर में मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन मारपीट की छुटपुट घटनाओं से कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन बावजूद इसके कुछ लोग कानून को धता बताते हुए मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में स्वारघाट थाना के अंतर्गत प्रसिद्ध शक्तिपीठ नयनादेवी के तहत स्वारघाट से सटे कैंची मोड़ इलाके में कुछ युवाओं ने बस रोककर एक युवक की धुनाई कर डाली। इससे युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
आईटीआई में प्रशिक्षण ले रहा परमजीत निवासी मलौण एक निजी बस में अपने घर जा रहा था। स्वारघाट कस्बे के समीप कैंची मोड़ पर दो युवकों बिंदु और शम्मी कुमार अपने साथियों सहित आए बस को रोक दिया। बस रोकने के बाद उन्होंने परमजीत को बस से नीचे उतारा और उसकी डंडों और लात घूसों से पिटाई शुरू कर दी। इससे उसे काफी चोटें आई है। मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद चोटिल हुआ परमजीत सीधा स्वारघाट थाने पहुंचा। स्वारघाट थाना में पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद उसका मेडिकल करवाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। डीएसपी नयनादेवी विनोद कुमार ने कहा कि दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related posts