अटल को भूले कुल्लू के भाजपाई

कुल्लू। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं पार्टी के प्रेरणास्रोत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर बुधवार को कुल्लू जिला में पार्टी की ओर से कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। चुनावों के समय अक्सर अटल का राग अलापने वाले जिले के भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस में किसी भी तरह के कार्यक्रम का आयोजन करना गवारा नहीं समझा। मनाली के निकटवर्ती गांव प्रीणी में अपना आशियाना बनाने के बाद वाजपेयी कुल्लू जिला को अपना दूसरा घर भी मानते हैं। बुधवार को उनके जन्मदिवस पर हालांकि प्रीणीवासियों ने कुछ आयोजन जरूर किया, लेकिन भाजपा नेता अपने शीर्ष नेता एवं प्रेरणास्रोत को ही भूल गए।
पिछले कई लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव के दौरान कुल्लू जिला के भाजपा नेता अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर वोट मांगते रहे हैं और चुनावों में अटल कार्ड कुछ हद तक पार्टी के प्रत्याशियों के लिए फायदेमंद भी साबित हुआ है। वाजपेयी का हिमाचल विशेषकर कुल्लू के प्रति अपार स्नेह जगजाहिर है। अपने प्रधानमंत्रित्वकाल के दौरान वह कई बार छुट्टियां बिताने प्रीणी आते थे और हिमाचल प्रदेश के लिए किसी न किसी रूप में आर्थिक पैकेज देकर जाते थे। इसलिए आज भी कुल्लू जिला के भाजपा नेता किसी भी चुनाव मेें अटल के नाम को भुनाना नहीं चूकते, लेकिन उनके जन्मदिवस के आयोजन को लेकर पार्टी नेताओं की उदासीनता सचमुच हैरान करने वाली है। बुधवार को कई स्थानीय कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता भी यह टिप्पणी करते सुने गए कि भाजपाइयों को अटल बिहारी वाजपेयी केवल चुनावों के समय याद आते हैं। उधर, भाजपा के जिला अध्यक्ष एवं मनाली के विधायक ठाकुर गोविंद सिंह ने बताया कि पार्टी की ओर से इस तरह का कोई आयोजन नहीं किया गया है। हालांकि, उन्होंने प्रीणी में हुए कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि प्रीणी गांव में ग्रामीणों ने अटल का जन्मदिन मनाया है।

Related posts