
पिथौरागढ़। विधायक विशन सिंह चुफाल ने कांग्रेस सरकार के 20 माह के कार्यकाल को विफल और विकास विरोधी बताया है। प्रदेश सरकार पर भाजपा के शासनकाल में स्वीकृत विकास कार्यों को धन अवमुक्त नहीं करने का आरोप लगाते हुए विधायक ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश विकास की दृष्टि से 10 वर्ष पीछे चला गया है।
पत्रकार वार्ता में डीडीहाट के विधायक ने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर कई बार आवाज उठाने के बाद भी सरकार और सरकारी विभाग निष्क्रिय बने हैं। कहा कि भाजपा शासनकाल में स्वीकृत सड़कों का मुआवजा अभी तक नहीं बंट पाया है। 23 करोड़ की डीडीहाट लिफ्ट पेयजल योजना के लिए धन अवमुक्त नहीं होने से कार्य रुका है। गर्खा-भागीचौरा पेयजल योजना का कार्य भी सरकार की उदासीनता से शुरू नहीं हो सका है। डीडीहाट में टैक्सी स्टैंड, बारात घर का 75 फीसदी कार्य पूर्ण होने के बाद भी लटका हुआ है।
चुफाल ने कहा कि वह इन मुद्दों को लेकर 30 दिसंबर को सचिवालय के सम्मुख धरना देंगे। वार्ता में मौजूद सोमेश्वर के विधायक अजय टम्टा ने सांसद प्रदीप टम्टा के कार्यकाल को निराशाजनक बताते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन और हिमालय नीति की बात करने वाले सांसद इस दिशा में कोई भी कार्य नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि सांसद केंद्र पोषित कोई भी योजना नहीं ला पाए ये क्षेत्र का दुर्भाग्य है।
