एक साल की हुई सरकार, हमीरपुर में जश्न

शिमला। हिमाचल की एक साल की कांग्रेस सरकार बुधवार को हमीरपुर में वर्षगांठ मनाने जा रही है। यह जश्न हमीरपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) के खेल मैदान में आयोजित होगा। इसमें पार्टी की राज्य प्रभारी अंबिका सोनी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद होंगी। इसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित सरकार के सभी मंत्री, कांग्र्रेस विधायक और नेतागण भाग लेंगे। इस समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कोई नई घोषणा भी कर सकते हैं।
हमीरपुर में मनाई जा रही राज्य सरकार की यह सालगिरह एक तरह से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल के क्षेत्र में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन होगा। यह आगामी लोक सभा चुनाव के मद्देनजर हमीरपुर सीट पर कांग्रेस की मजबूती के लिए किया जा रहा है। हमीरपुर से राज्य खेल परिषद के सदस्य एवं कांग्रेस नेता अरुण ठाकुर ने बताया कि रैली के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। रैली में प्रदेश भर से आने वाले लोगों के स्वागत के लिए हमीरपुर जिला की सीमाओं और नगर में दर्जनों तोरणद्वार बनाए गए हैं। वहीं, कांग्रेस के राज्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि इस समारोह में पूरे प्रदेश भर से आए कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। कई कांग्रेस नेताओं को कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित बनाने को कहा गया है। वे अपनी जिम्मेवारी बखूबी निभा रहे हैं।

Related posts