42 पंचायतों में चार दिन से ब्लैक आउट

तीसा चंबा। तीसा में बर्फबारी के बाद मंगलवार को तीसरे दिन बाद भी जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है। बिजली बोर्ड, लोक निर्माण और सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभागों की ओर से चल रहे राहत कार्य की मंद रफ्तार का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हाल यह है कि तीसा की 42 पंचायतों में चार दिनों से बिजली गुल है।
बिजली आपूर्ति बहाल करने में बिजली बोर्ड का दम फूल रहा है। तीसा में भारी बर्फबारी से बिजली की तारें और खंभे टूट गए हैं। इस कारण पंचायतों में अंधेरा पसरा है। बिजली बोर्ड क्षतिग्रस्त खंभों और तारों की मरम्मत करने में लगा है। लेकिन फिर भी लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। ऐसे में लोगों को रात के समय अंधेरे में बड़ी मुश्किल से खाना बनाना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उपमंडल तीसा के बैरागढ़, तीसा, सनवाल, चांजू, देहरा, आयल क्षेत्रों में लोग बिजली आपूर्ति बहाल होने की राह ताक रहे हैं। स्थानीय निवासी विनोद कुमार, केहर सिंह, अजय कुमार, दिनेश, चतरो राम, कुलदीप, नर देव, विशाल ठाकुर, देवी दास, अनिल कुमार, ब्यासो, दुनी चंद, चमनो, मनोज कुमार, हंस राज, नूरदीन, श्याम लाल ने बताया कि बिजली न होने के कारण मोबाइल फोन भी बंद हो गए हैं। इससे आपातकालीन स्थिति में संपर्क साधने में दिक्कतें पेश आ सकती हैं। उन्होंने बोर्ड से बिजली बहाल करने की मांग की है।
उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ बालकृष्ण डोगरा ने बताया कि 33 केवी बिजली लाइन की मरम्मत कार्य चल रहा है। स्टाफ की कमी के कारण बिजली आपूर्ति को बहाल करने में दिक्कत पेश आ रही हैं। जल्द बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

Related posts