रायपुर-चुवाड़ी सड़क बनी दलदल

चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी-रायपुर संपर्क मार्ग की खस्ता हालत होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कुछ दिन पहले ढलानदार सड़क पर मिट्टी डाल दी थी। बीते शनिवार व रविवार को बारिश होने से सड़क का एक किलोमीटर भाग दलदल में बदल गया है। इससे सारी सड़क पर भारी फिसलन पैदा हो गई है। सड़क पर दलदल व भारी कीचड़ होने से वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
रायपुर घटू से रायपुर कस्बे के लिए जाने वाले राहगीर बीच सड़क में फंस रहे हैं। साथ ही कई वाहन अधिक फिसलन होने से दुर्घटना होते-होते बचे हैं। स्थानीय लोगों में जोगिंद्र पाल शर्मा, अरविंद शर्मा, नंद किशोर पाठक, रमेश शर्मा, किशोरी लाल, राजेश कुमार, सुरेंद्र शर्मा, सीता राम व राम कुमार का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को सड़क की सुध लेने के लिए कई बार बोल चुके हैं। अभी विभाग सड़क की खस्ता हालत को सुधारने के लिए कोई कार्य नहीं कर रहा है। लोक निर्माण विभाग अकसर सड़क पर पड़े बड़े गड्ढों को भरने के लिए तारकोल बिछाने की बजाय मिट्टी का प्रयोग करता है और हल्की सी बारिश होने पर ढलानदार सड़क पर दलदल व कीचड़ अधिक मात्रा में हो जाता है। इसके चलते निजी व सरकारी बसों के चालक रोज आने-जाने वाले लोगों को गंतव्य में पहुंचने से एक किमी पीछे ही उतार देते हैं। सड़क पर इतनी फिसलन है कि लोग अपने निजी वाहनों को रायपुर ले जाने से कतराने लगे हैं। उधर, विभाग के सहायक अभियंता दीपक महाजन का कहना है कि सड़क की दशा सुधारने के लिए विभाग प्रयास रत है जल्द ही सड़क की हालत ठीक कर दी जाएगी।

Related posts