
बिलासपुर। भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य सरकार के एक साल के शासनकाल को कुशासन करार दिया है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को युवा विरोधी साल माना गया है। सरकार के विरोध में मंगलवार को युवा मोर्चा ने यहां प्रदर्शन करते हुए सरकार मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। गुरुद्वारा चौक पर पुतला फूंकने से पहले जोरदार नारेबाजी की गई। रैली निकालने के बाद कांग्रेस के शासनकाल में हुए अन्याय पर युवा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं पर शब्दवाण भी छोड़े।
युवा मोर्चा का कहना है कि कांग्रेस सरकार का यह शासनकाल पूरी तरह से युवा विरोधी रहा है। झूठे वायदे कर लोगों को गुमराह किया गया। सरकार बदला-बदली की भावना से कार्य करते हुए झूठे मुकदमे दर्ज करती रही। युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर ने कहा कि सरकार का एक साल का कार्यकाल युवा विरोधी रहा है। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करने के बाद कांग्रेस ने कौशल विकास भत्ता जारी कर युवाओं को ठगा है। इसमें सिर्फ वोट की राजनीतिकी गई। कांग्रेस विकास करवाने में असफल रही है। नई योजनाओं को बनाना तो दूर इस सरकार ने पूर्व सरकार के स्वीकृत कार्यों और योजनाओं को भी बंद कर दिया। इसका खामियाजा आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रवक्ता रोशन ठाकुर, जिला युवा महामंत्री विकास राव, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मनीष चंदेल, मंडलाध्यक्ष सदर अनिल गौतम, नयनादेवी मंडलाध्यक्ष नरेश शर्मा, पीयूष चंदेल, अखिल ठाकुर, अतुल पाल दास, सानिद अख्तर, मनोज ठाकुर, राकेश ठाकुर, अशोक, गुंजन गुप्ता, माधव, अच्छर सिंह, सुबोध, पवन ठाकुर आदि उपस्थित थे।
