
धर्मशाला। पर्यटन निगम पर्यटकों के स्वागत की तैयारियों में जुट गया है। क्रिसमस और न्यू ईयर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। क्रिसमस पर जहां निगम और निजी होटल मालिकों ने होटलों को खूब सजा दिया है, वहीं न्यू ईयर पर पर्यटन निगम के होटलों में लाइव डीजे का आयोजन होने जा रहा है। डीजे ब्वॉय पार्टी में आए लोगों का मनोरंजन करेंगे। 31 दिसंबर की शाम को होटल धौलाधार स्थित धर्मशाला, होटल भागसू, दॅ क्लब हाउस, होटल मणिमहेश स्थित डलहौजी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें कपल के लिए विशेष ऑफर रहेगा और प्रतियोगिताएं करवाकर बेस्ट कपल और न्यू ईयर क्वीन आदि का चयन किया जाएगा। निगम इन्हें आकर्र्षक पुरस्कार देकर सम्मानित करेगा। इस मर्तबा निगम होटलों में न्यू ईयर पार्टियों में लाइव डीजे आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा निजी थ्री स्टॉर होटलों समेत अन्य बड़े होटलों में पर्यटकों के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। न्यू ईयर समेत क्रिसमस पर भी होटलों में खूब रौनक है।
कपल के लिए होटलों में विशेष पैकेज
निगम ने खासतौर पर कपल के लिए होटलों में विशेष पैकेज चलाए हैं। होटल भागसू में 4900 से 3300 रुपये तक सुपर डीलक्स से सेमी डीलक्स कमरे मिल रहे हैं। क्लब हाउस में 5200 से 3700 रुपये तथा होटल धौलाधार में 6500 से 3800 रुपये तक कमरे दिए जाएंगे।
पर्यटकों की तादाद में वृद्धि के आसार : शर्मा
पर्यटन निगम के धर्मशाला स्थित उप महाप्रबंधक केडी शर्मा का कहना है कि बर्फबारी के बाद पर्यटकों की तादाद में वृद्धि के आसार हैं। न्यू ईयर पर इस मर्तबा विशेष तैयारियां की गई हैं। कपल के लिए ऑफर के अलावा मनोरंजन के लिए लाइव डीजे का आयोजन होगा। जिसमें रॉक बैंड भी शामिल रहेगा।
