
रोहड़ू। शिमला मुख्य मार्ग मंगलवार को बड़े वाहनों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि हिमपात के कारण खड़ापत्थर के दोनों ओर क्रासिंग के समय भारी जाम लग रहा है। मौसम खुलने के बाद मंगलवार को परिवहन निगम ने रोहड़ू से शिमला के लिए बसें रवाना कर दी हैं।
शनिवार रात से रोहड़ू-शिमला मार्ग पर खड़ा पत्थर के दोनों ओर फंसे वाहनों को निकाल दिया गया है। रविवार को दिन भर मौसम खराब रहने के कारण सड़क को बहाल करने का कार्य नहीं चल सका। सोमवार को मौसम खुलने के बाद लोनिवि ने सड़क पर से हिमपात को हटाने का कार्य शुरू किया। सोमवार देर शाम सड़क छोटे वाहनों के लिए खोल बहाल कर दी थी। मंगलवार को रोहड़ू से शिमला के लिए परिवहन निगम की दो बसों को रवाना किया गया है। शिमला की ओर फंसी बसें भी रोहड़ू पहुंच चुकी हैं। लोनिवि के एक्सईएन आरके वर्मा ने बताया कि सड़क को बड़े वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुबह के समय सड़क पर पानी जमने से यातायात बाधित होने की संभावना रहेगी। वहीं, परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके नारंग ने रोहड़ू शिमला के बीच वाया खड़ा पत्थर बस सेवा शुरू होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सड़क पर फिसलन के कारण दस किलोमीटर में एक घंटे से अधिक का समय वाहनों को लग रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला की ओर फंसी बसें भी रोहड़ू पहुंच चुकी हैं।
