
सांगला (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में जाम लगना आम बात हो गई है। आए दिन मुख्य बाजार में लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सड़कों पर बेतरतीब ढंग से हर कहीं पार्क छोटे वाहन अक्सर जाम की वजह बन जाते हैं, बावजूद इसके पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई नहीं कर रही है। परिणामस्वरूप, इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है।
रिकांगपिओ में जिला प्रशासन ने देवराज नेगी चौक से लेकर पीएनबी तक पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। बावजूद इसके कई वाहन चालक हर कहीं गाड़ी पार्क कर देते हैं। पुलिस को ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लानी चाहिए, लेकिन ऐसा नजर नहीं आ रहा है। इस कारण बेतरतीब ढंग से हर कहीं वाहन पार्क करने का ट्रेंड बढ़ रहा है। इस कारण आए दिन जाम का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी शैलेंद्र नेगी, विजय पाल नेगी, रविंद्र नेगी, ओम प्रकाश नेगी, मनसा राम गौतम, अनिल कुमार, दौलत राम नेगी, महेंद्र नेगी, शेर सिंह नेगी, कपिल देव नेगी, राजेश नेगी, मोहन कुमार, सीता कुमारी, राम प्यारी, सुशीला देवी ने ट्रैफिक समस्या से राहत दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है। उधर, जिला मुख्यालय रिकांगपिओ थाना प्रभारी योद्धा राम ने बताया कि वाहन बढ़ने से दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने कर प्रयास कर रही है।
