
काहिरा: मिस्र की पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री हेशाम कांदिल को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत द्वारा दिए एक पुराने आदेश के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कांदिल मिस्र के निर्वासित राष्ट्रपति मुहम्मद मुर्सी के कार्यकाल में प्रधानमंत्री थे। आदेश के तहत कांदिल को एक साल के कारावास की सजा दी गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कांदिल को एक तस्कर के साथ सूडान भागने की कोशिश करते समय पहाड़ी इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन पर अदालत के एक आदेश का पालन नहीं करने का आरोप है। उन्हें तंता लिनन कंपनी के निजीकरण को रद्द करने और कर्मचारियों की पुनर्बहाली का आदेश दिया गया था। अदालत ने अप्रैल में उन्हें एक साल के कारावास की सजा दी थी और इस सजा को सितंबर के एक फैसले में बरकरार रखा गया था।
2011 में एक अन्य अदालत ने उन्हें निवेशकों से तंता लिनन कंपनी को वापस खरीदने का आदेश दिया था, जिसे 2005 में निवेशकों ने खरीदा था।
