कटौला पंचायत को मिला सर्वश्रेष्ठ जलागम पुरस्कार

मंडी। मध्य हिमालय जलागम परियोजना के तहत वर्ष 2012-13 के लिए द्रंग विकास खंड की कटौला पंचायत को सर्वश्रेष्ठ जलागम पंचायत का पुरस्कार मिला है। पंचायत में मध्य हिमालय जलागम परियोजना के तहत वर्ष 2007 से लेकर अब तक करीब 45 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। परियोजना के तहत इस पंचायत में जल संरक्षण के लिए खास तौर पर पौधारोपण और मृदा संरक्षण के लिए चेकडैम का जगह-जगह निर्माण किया है। यही नहीं पंचायत ने लोगों के सहयोग से बांस उगाकर आजीविका कमाना भी शुरू कर दिया है।
मध्य हिमालय जलागम परियोजना के मंडलीय अधिकारी जीवन लाल टांक ने पंचायत को श्रेष्ठ जलागम पुरस्कार मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिला की 95 पंचायतों को पछाड़ते हुए इस दुर्गम पंचायत ने परियोजना के तहत बेहतरीन कार्य करके दिखाया है। लिहाजा पंचायत को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है। गौर हो कि पंचायत में परियोजना के तहत पराशर खड्ड में दो पैदल चलने के पुल संदोआ से सुहड़ा और बडौण खड्ड पर बनाए हैं। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र के तहत आने वाले गांवों में पांच जगह बावड़ियां, वार्ड स्तर पर खड्डी ग्रुप, खुरलियां और वर्षा जलसंग्रहण टैंक बनाए हैं। इसके अलावा पंचायत में बांस उगाकर लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। यही नहीं परियोजना के माध्यम से लोगों को फलदार पौधे भी बांटे हैं।
गौरतलब है कि परियोजना के तहत शैक्षणिक विकास कार्य, जलागम प्रबंधन और आजीविका वर्धन हेतु पंचायत के लोगों को स्वरोजगार अपनाने के लिए मशरूम उत्पादन, सिलाई और कड़ाई इत्यादि विभिन्न प्रकार की ट्रेनिंग दी जाती है। खास बात यह है कि पंचायत पुरस्कार के तहत पर मिलने वाली इस राशि को पंचायत के ही विकास पर खर्च कर किया जा सकता है। कटौला पंचायत के प्रधान चैने राम ने बताया कि जलागम प्रबंधन गतिविधियों और लोगों की आजीविका वर्धन पर 45 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इसी आधार पर पंचायत को यह पुरस्कार मिला है।

Related posts