
घनसाली (टिहरी )। भिलंगना हाइड्रो पॉवर घुत्तु के खिलाफ परियोजना प्रभावितों का आठ दिनों चल रहा आमरण अनशन त्रिपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त हो गई। एसडीएम ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन देकर शीघ्र मांगों के निस्तारण का भरोसा दिया है।
पटवारी चौकी घुत्तू में पांच सूत्री मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे सुंदर सिह कंडारी ने एसडीएम जगदीश लाल के लिखित आश्वासन के बाद अनशन स्थगित कर दिया है। सुंदर सिंह कंडारी ने कहा कि परियोजना निर्माण के समय कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों के साथ हुए लिखित समझौते में नदी में पर्याप्त पानी छोड़ने, पानी छोड़ने पर सायरन बजाने, परियोजना में स्थानीय लोगों को रोजगार देने और शमशान घाटों का निर्माण करने का आश्वासन दिया, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। एसडीएम के साथ हुई त्रिपक्षीय वार्ता में उन्होंने कहा कि समझौते के अनुरूप 15 दिनों में मांगों पर अमल नहीं किया गया तो फिर से तहसील कार्यालय में आमरण अनशन किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार मोहनलाल आर्य, शक्तिलाल शाह, भरत सिंह गुर्साइं, सुंदर सिंह रावत, केदार सिंह बर्त्वाल, टीकाराम सेमवाल, शौकीन भंडारी, प्रेमलाल त्रिकोटिया, नरेश तिवाड़ी और विनोद तिवाड़ी आदि मौजूद थे।
