
मंडी। लोक निर्माण विभाग कनिष्ठ अभियंता संघ मंडी जोन की बैठक जिलाध्यक्ष ई. मुरारी लाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें मांगों को लेकर चरचा की गई। संघ ने मांगाें को लेकर प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री को प्रेषित किया। सरकार से मांग की गई कि कनिष्ठ अभियंताआें को लोकल कन्वीन्यंस भत्ता प्रदान किया जाए। मोबाइल भता, 25 वर्ष के सेवाकाल बाद इंक्रीमेंट तथा शुरूआती ग्रेड पे पंजाब की तर्ज पर 4800 रुपये प्रदान करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा ने कहा कि कनिष्ठ अभियंताओं को कई मौकों पर साइट के लिए खुद के वाहन से जाना पड़ता है। इस पर पंजाब की तर्ज पर लोकल कन्वीन्यंस भत्ता दिया जाए। प्रस्ताव पारित किया गया कि अधिशाषी अभियंता को नॉन प्रेसिंग टेंडर की पावर एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख तथा सहायक अभियंता की पावर पचास हजार से बढ़ाकर दो लाख की जाए। मौजूदा पावर में कनिष्ठ अभियंता को कार्य क्षेत्र में काम करवाने में भारी कठिनाई हो रही है। वहीं, सरकार तथा विभाग से कोर्ट केस आउटसोर्स करने की भी मांग की है। संघ के महासचिव रविंद्र शर्मा ने कहा कि कनिष्ठ अभियंताओं को कोर्ट में बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे फील्ड में चल रहे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विभाग कोर्ट केस आउटसोर्स करे तथा वकील हायर किए जाएं। रोष प्रकट किया गया कि कनिष्ठ अभियंताआें को तीस वर्ष सेवाकाल के बाद भी पदोन्नत नहीं किया जा रहा है। सरकार से कनिष्ठ अभियंताआें को पंजाब की तर्ज पर दस साल सेवाकाल के बाद पदोन्नत करने की मांग की है। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष हितेश शर्मा, चमन सिंह, कश्मीर ठाकुर, एसके कौशल, कमलकांत शर्मा, कुलदीप शर्मा मौजूद रहे
