
कांगड़ा। हिलोपा अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने कहा कि आप आदमी पार्टी की जीत ने यह साबित कर दिया है कि जनता अब तीसरे विकल्प को मौका दे रही है। चूंकि आप और हिलोपा के मुद्दे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, इसलिए जरूरत पड़ी तो निकट भविष्य में हिलोपा आप का साथ लेने पर विचार भी कर सकती है। आप के साथ हिलोपा के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई मुलाकात के बारे में उन्होंने इंकार नहीं किया। महेश्वर सिंह कांगड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
खुद की ओर से लोस चुनाव लड़ने पर महेश्वर ने कहा कि संगठन जो भी जिम्मेवारी सौंपेगा, उसे बखूबी निभाएंगे। सांसद राजन सुशांत के हिलोपा के बारे में स्टैंड के बारे में उन्होंने कहा कि सुशांत ने अभी पार्टी नहीं छोड़ी है। जब पार्टी छोड़ेंगे, उसके बाद ही चर्चा की जा सकती है। फोन टैपिंग और एचपीसीए की अनियमितताओं पर प्रदेश सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई से हिलोपा संतुष्ट नहीं है। कहा कि चंडीगढ़ हिमाचल भवन में जिस तरह कैमरे लगाकर जासूसी की गई, उस मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कांगड़ा बज्रेेश्वरी मंदिर की आय को श्रद्धालुओं की सुविधा पर खर्च किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इससे पहले हिलोपा की कोर कमेटी की बैठक में कई सियासी मसलों पर चर्चा की गई। इस मौक पर दूलो राम, महिंद्र लाल सौफत, श्यामा शर्मा, खुशी राम बालनाटाह, टीकू ठाकुर, धर्मसिंह, सुभाष शर्मा आदि मौजूद रहे।
प्रभात चौधरी कांगड़ा विस अध्यक्ष
हिलोपा ने एडवोकेट प्रभात चौधरी को कांगड़ा विस क्षेत्र का अध्यक्ष नियुक्त किया है। एडवोकेट मनीष चौधरी महामंत्री, परविंद्र सिंह को युवा सेना अध्यक्ष मनोनीत किया है।
