
ऊना। जिले के क्षेत्रों में भारी बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। जिला ऊना में पूरी रात बारिश होती रही, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है। गेहूं की फसल को संजीवनी मिली है। बारिश होेने से पूरे जिले में पड़ने वाली धुंध के छंटने के आसार बन गए हैं और शुष्क ठंड से भी लोगों को काफी राहत मिली है। खासकर फसलों के लिए बारिश संजीवनी साबित हुई है।
हरोली क्षेत्र के किसान चरणजीत सिंह, प्रेम चंद, भूपिंद्र कुमार, जगतार सिंह, रामजी, विनोद कुमार, प्रकाश चंद, स्वर्णी देवी, बहतर सिंह सहित नेरू सिंह का कहना है कि सारी रात भारी बारिश होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। गेहूं की फसल को बारिश से नई संजीवनी मिली है। कहा कि आसमान में बादल को देखते हुए और बारिश की संभावना लग रही है।
आलू की फसल की बुआई खिसकी
ऊना। जिन किसानों ने आलू की पक्की फसल की बिजाई कर दी है, उन किसानों की फसल बारिश से प्रभावित होने की आशंका है। बढेड़ा के किसान जगतार सिंह, रामजी, सोहन, विनोद और मोहन का कहना है कि जो बारिश अभी हुई है, उससे आलू की फसल पर थोड़ा प्रभाव पडे़गा। अगर बादल एक बार फिर इस तरह से बरसे तो आलू की फसल की बुआई पर प्रभाव पड़ेगा। जिन लोगों ने फसल लगानी है, उनकी फसल चार-पांच दिन के लिए लेट हो जाएगी।
