
नादौन (हमीरपुर)। जेई, एएई संघ विद्युत बोर्ड की क्षेत्रीय इकाई का सम्मेलन गीता भवन नादौन में आयोजित किया गया जिसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ठाकुर सुखविंदर सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। प्रदेशाध्यक्ष ने वर्ग से जुडे़ कर्मचारियों को विद्युत बोर्ड की रीढ़ की हड्डी बताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड से जुड़ा प्रत्येक कर्मचारी, अधिकारी विषम परिस्थितियों में भी बेहतर कार्य कर रहा है, उन्हीं की बदौलत प्रदेश में विद्युत व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। सुखविंद्र सिंह ने संघ द्वारा रखी जायज मांगों पर सहमति प्रकट करते हुए शीघ्र ही सरकार के समक्ष रखने तथा हल करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष आरडी अगिभनहोत्री, प्रदेश महासचिव डीए ढटवालिया ने जेई, एएई वर्ग से जुडे़ कर्मचारियों की मांगों के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि वर्ग 32 वर्षों से पदोन्नति की मांग कर रहा है। पदोन्नति के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए। अन्य विभागों के कर्मचारियों को पंजाब की तर्ज पर वेतन लाभ मिल रहे हैं परंतु विद्युत बोर्ड के कर्मचारी अभी भी इंतजार में बैठे हैं। संघ ने प्रदेश में रिक्त पड़े एसडीओ के पदों पर जेई को पदोन्नत करने की भी मांग की। आरोप लगाया कि जब विद्युत बोर्ड का विभाजन किया गया था तो बोर्ड 800 करोड़ के फायदे में चल रहा था परंतु अब गलत नीतियों के कारण 1900 करोड़ के घाटे में चला गया है। मुख्यमंत्री द्वारा 700 करोड़ रुपये सरकार की ओर से वहन करने की घोषणा का स्वागत किया।
संघ के नेताओं ने निजी कंपनियों द्वारा मचाई जा रही लूट को बंद करने तथा कंप्यूटर बिलिंग के सॉफ्टवेयर में सुधार करने की मांग की। करोड़ों रुपये के कंप्यूटर खरीदे गए हैं जो कार्यालयों के स्टोर में धूल फांक रहे हैं। बीएल ठाकुर, विद्युत बोर्ड यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप खरबाडा, संघ के जिलाध्यक्ष एलसी परमार, अशोक कुमार, बेला पंचायत प्रधान अवतार सिंह, नगर पंचायत नादौन अध्यक्षा रीना देवी, भरमोटी पंचायत प्रधान कांता चौधरी, सहित विद्युत बोर्ड के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
कमलजीत को हमीरपुर जोन की कमान
नादौन। जेई, एएई संघ की क्षेत्रीय इकाई के चुनाव नादौन के गीता भवन में शनिवार को संपन्न हुए जिसमें कमलजीत ठाकुर को हमीरपुर जोन का अध्यक्ष चुना गया है। इसके अतिरिक्त अशोक शर्मा को महासचिव, विनोद कुमार को आर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी तथा सतीश कौशल को कोषाध्यक्ष चुना गया। इससे पूर्व आयोजित बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने वर्ग की समस्याओं तथा मांगों के बारे में विस्तार पूर्वक विचार-विमर्श किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि संघ की मांगों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने विद्युत बोर्ड की दशा सुधारने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा की घोषणाओं पर आभार व्यक्त किया।
