जमा दो की कंपार्टमेंट तोड़ी तो मिलेगा ये तोहफा

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में रूसा (राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान) के तहत छात्रों को डायरेक्ट सेकेंड सेमेस्टर में प्रवेश मिल सकता है।

जमा दो कक्षा में कंपार्टमेंट के कारण पहले सत्र में दस हजार से ज्यादा छात्रों को प्रवेश नहीं मिला था। अब कंपार्टमेंट का रिजल्ट आने के बाद जिन छात्रों ने अपनी कंपार्टमेंट क्लीयर कर ली है और उनका साल बर्बाद न हो, इसके लिए विवि प्रशासन ने कसरत शुरू कर दी है। पीजी की तर्ज पर इन छात्रों को भी दूसरे सत्र में डायरेक्ट एडमिशन की सुविधा मिलेगी।

इसकी मांग आम छात्र लंबे समय से विवि प्रशासन के समक्ष उठा रहे थे। अब प्रशासन ने इसे आगामी ईसी की बैठक में ले जाने का फैसला लिया है।

सूत्र बताते हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसका खाका तैयार कर लिया है। इसके लिए पीजी के सिस्टम को आधार बनाकर ईसी में फैसला लिया जा सकता है।

रूसा लागू होने के बाद हजारों छात्रों को जमा दो में कंपार्टमेंट के कारण प्रवेश नहीं मिला था। इन्होंने स्कूल शिक्षा बोर्ड से कंपार्टमेंट की परीक्षा पास कर ली है।

इन्हें प्रशासन दूसरे सत्र में यदि डायरेक्ट एडमिशन देता है तो इनका छह माह का समय कम से कम बच सकेगा। इन्हें छह सेमेस्टर पास करने के बाद पहला सेमेस्टर इसके बाद करना होगा।

डिग्री की अवधि तो तीन साल की रहेगी, लेकिन छह माह का समय पूरी तरह से बच सकेगा। उधर, विश्वविद्यालय के डीन प्लानिंग प्रो. पीके आहलुवालिया ने माना कि छात्रों ने इसकी मांग की है। मामला विवि प्रशासन के विचाराधीन है। ईसी की मंजूरी के बाद नई व्यवस्था को लागू किया जा सकेगा।

छठे सेमेस्टर के बाद होगा पहला सत्र
छह सेमेस्टर पास करने के बाद छात्र को पहला सेमेस्टर पास करना होगा। इसके लिए उस समय के प्रथम वर्ष के छात्रों के साथ कक्षाएं लगानी होंगी। साथ ही उसे इनके साथ ही परीक्षाएं भी देनी होंगी।

खाली सीटों पर मेरिट से प्रवेश
कॉलेजों में खाली सीटों पर मेरिट पर ही छात्रों को प्रवेश मिलेगा। हालांकि, रूसा में अभी विवि ने इसका प्रावधान नहीं किया है। ईसी की मंजूरी के बाद रूसा के नियमों में बदलाव कर राहत देने पर प्रशासन विचार कर रहा है।

Related posts