
कुल्लू। जिला अस्पताल कुल्लू में ‘बेटी है अनमोल’ पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलदेव ठाकुर ने की। उन्होंने इस दौरान बेटी है अनमोल, कन्याभ्रूण हत्या पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत में हिमाचल प्रदेश महिलाओं के लिंग अनुपात में दसवें स्थान पर है और बाल लिंग अनुपात में प्रदेश 24वें स्थान पर है। इस दौरान लोगों को पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. बलदेव ठाकुर ने बताया कि पूरे प्रदेश में लिंग अनुपात में सबसे ज्यादा गिरावट ऊना, हमीरपुर, सोलन तथा बिलासपुर में दर्ज की गई है। जबकि, जनजातीय क्षेत्र लाहौल स्पीति में ही लिंग अनुपात में वृद्धि दर्ज की गई है। जिला कुल्लू का बंजार ब्लॉक कन्याओं के लिंग अनुपात में पांच वर्ष में ऊपर रहा है। उन्होंने बताया कि यूएनओ की रिपोर्ट के अनुसार हर साल भारत में साढ़े सात लाख कन्या भ्रूण की हत्या गर्भ में ही कर दी जाती है, जो चिंता का विषय है। सीएमओ ने कन्याभ्रूण हत्या पर जानकारी मीडिया के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि मीडिया के माध्यम से ही जन-जन तक आवाज पहुंची है। इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र, स्वास्थ्य कर्मचारी होशियार सिंह सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
