धुंध और ठंड से ऊना जाम

ऊना। घनी धुंध और ठंड ने ऊना में जिंदगी को जाम कर दिया। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। पारा लुढ़कने से एकाएक ठंड बढ़ गई। शुक्रवार की रात को भी घनी धुंध के कारण वाहनों की रफ्तार थम सी गई। रात को दोपहिये वाहन दस और पंद्रह की स्पीड में ही दौड़ते रहे। बड़े एवं भारी वाहनों के चालकों को भी बड़ी दिक्कत हुई।
शनिवार को शाम के समय करीब सवा छह बजे ऊना में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी बीच अचानक शाम 6.35 बजे रोटरी चौक पर बिजली की लाइन में धमाका हुआ। इसके बाद बत्ती अचानक गुल हो गई। हालांकि लोगों को लग रहा था कि अब रात भर बिजली नहीं आएगी। लेकिन विद्युत बोर्ड की मुस्तैदी से 15 मिनट बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। बूंदाबांदी के बाद बारिश भी तेज होती गई। मैहतपुर निवासी अजय कुमार, संदीप कुमार, रमेश कुमार, दिलबाग सिंह आदि ने कहा कि वे शुक्रवार रात ऊना से दोपहिये वाहनों पर मैहतपुर की ओर निकले। घनी धुंध के बीच दोपहिया वाहन दस की स्पीड में ही चलाने पड़े।
ऊना शहर निवासी रविंद्र कुमार, अमित शर्मा, विनय कुमार, हरदीप सिंह, रजनीश आदि ने कहा कि शनिवार को ठंड के कारण वे घरों में दुबके रहे। शाम को बूंदाबांदी के बाद बारिश हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। ऊना जिले के बंगाणा, मैहतपुर, हरोली, अंब, गगरेट, चिंतपूर्णी समेत सभी इलाके शीतलहर की चपेट में आने से आम जनजीवन भी जाम हो गया है। रविंद्र शर्मा, सुनील कुमार, तरसेम शर्मा और जगदीश आदि ने कहा कि बारिश के कारण खुश्क ठंड खत्म हो जाएगी। बारिश के बाद धुंध भी छंट सकती है।

Related posts