
नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा है कि इन दोनों बल्लेबाजों को राहुल द्रविड और सचिन तेंदुलकर बनने की कोशिश करनी चाहिए। पुजारा और कोहली ने भारत की दूसरी पारी में तीसरे विकेट के लिए 222 रन की रिकार्ड साझेदारी कर जोहानसबर्ग टेस्ट में टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। पुजारा ने शानदार 153 रन बनाए जबकि कोहली ने 96 रन की पारी खेली और वह मात्र चार रन से मैच में अपना दूसरा शतक बनाने से चूक गए।
गावस्कर ने एक कहा ‘पुजारा द्रविड की तरह हैं क्योंकि उनमें रनों की वैसी ही भूख है। उनका खेलने का तरीका और टीम के लिए समर्पण द्रविड की तरह है। कोहली भी चौथे नंबर पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। द्रविड और सचिन ने दशकों तक शानदार प्रदर्शन किया और यही पुजारा और कोहली की सोच होनी चाहिए।’ द्रविड और सचिन के नाम टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शतकीय साझेदारियों का रिकार्ड है। इन दोनों ने साझेदारी में 6920 रन बनाए हैं जो कि टेस्ट क्रिकेट में किसी भी जोडी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं।
गावस्कर ने साथ ही कहा कि आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में भारत के लिए सबसे अहम होंगे। उन्होंने कहा ‘मैच के पांचवें दिन पिच स्पिनरों को मदद करेगी और भारत का दारोमदार बहुत हद तक अश्विन के कंधों पर होगा।’
