रोजगार और स्वरोजगार की कोई कमी नहीं

बड़कोट(उत्तरकाशी)। राजकीय महाविद्यालय में करियर काउंसिलिंग शिविर आयोजित कर छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं और रोजगार के साधनों के बारे में जानकारियां दी गई। मुख्य वक्ता जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डा. सजवाण ने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य और क्षमता को ध्यान में रखकर करियर का चयन करना चाहिए। वर्तमान में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो अवसर मिलने पर पूरी लगन के साथ इसमें सफल होने की तैयारी करने की। उन्होंने अपने अनुभव छात्र-छात्राओं के साथ साझा किए। छात्र-छात्राओं को समाचार पत्र-पत्रिकाओं का अध्ययन करने को कहा। प्राचार्य डा. लवनीरानी राजवंशी ने छात्र-छात्राओं से शिविर में प्राप्त जानकारी के आधार पर करियर चयन करने को कहा। कार्यक्रम का संचालन डा. विजय बहुगुणा ने किया। इस मौके पर डा. दीपक पांडे, डा. आरएस असवाल और राजीव रजवार आदि ने विचार व्यक्त किए।

Related posts