हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई करें

हमीरपुर। पुलिस थाना भोरंज में वुठवीं गांव में विवाहिता की मौत को लेकर मसरेड़ू गांव के एक प्रतिनिधिमंडल एसपी वीना भारती से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मृतका के परिजनों पर आरोप लगाया है मृतका रुचि शर्मा के ससुरालियों ने साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या की है। मृतका के चाचा विद्यासागर ने बताया कि रुचि शर्मा का पति मौत के पांच दिन बाद भी घर नहीं पहुंचा है जिससे साफ जाहिर है कि उनकी बेटी रुचि शर्मा की हत्या एक साजिश के तहत की गई है।
पुलिस प्रशासन ने मृतका के सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन आगामी कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। जबकि मृतका का पति अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। विद्यासागर ने आरोप लगाया है कि मृतका के ससुराली उसके देवर की शादी को एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पैसे न मिलने पर उन्होंने रुचि शर्मा को मौत के घाट उतार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि पहले भी वह एक कंप्यूटर और एक बाइक खरीदकर उसके ससुरालियों को दे चुके हैं लेकिन इसके बावजूद उनका लोभ समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने प्रदेश सरकार, उपायुक्त हमीरपुर और एसपी हमीरपुर से मांग की है कि मामले की निष्पक्षता से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में राम किशन, रतन चंद, हंसराज शर्मा, विपिन शर्मा, श्रीराम शर्मा, श्रवण कुमार, बलदेव धीमान, सुरजीत कटोच और विजयपाल आदि मौजूद रहे।

Related posts