सैकड़ों जलवाहकों को नहीं मिला वेतन

नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के तीन ब्लाकों में कार्यरत सैकड़ों जलवाहकों को दो माह का वेतन नहीं मिला है। इसके चलते उन्हें इन दिनों भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। इन ब्लाकों के सभी जलवाहकों में शिक्षा विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
जलवाहक जिला अध्यक्ष जगदीश वर्मा, वरिष्ठ अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, नारग ब्लाक अध्यक्ष सुखदेवी, अनिल कुमार, सुभाष चंद, दुर्गेश तथा रविंद्र ने बताया कि नारग, कफोटा और सतौन ब्लाक में कार्यरत सैकड़ों जलवाहकों को अक्तूबर तथा नवंबर का वेतन न मिलने से उन्हें भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि दो माह का वेतन न मिलने से उन्हें उधार लेकर अपनी आजीविका चलानी पड़ रही है। जलवाहकों ने बताया कि उन्होंने इसके बारे में विभाग को भी अवगत करवाया, लेकिन उसके बावजूद उन्हें वेतन नहीं दिया जा रहा। इन ब्लाकों में कार्यरत सभी जलवाहकों ने शिक्षा विभाग से जल्द उनके दो माह के रुके हुए वेतन को दिलाने की मांग की है। जलवाहक के वरिष्ठ अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि यदि जल्द इन ब्लाकों के जलवाहकों को वेतन प्रदान न किया गया तो वह इसकी शिकायत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से करेंगे। इधर, इस संबंध में शिक्षा उपनिदेशक एलीमेंटरी केएस नेगी ने बताया कि जलवाहकों के रुके हुए वेतन की रिपोर्ट वित्त विभाग को भेज दी गई है। फरवरी तक सभी जलवाहकों को वेतन प्रदान कर दिया जाएगा।

Related posts