योग महोत्सव में बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड : रामदेव

23 मार्च को भारत सहित 13 देशों में 10 करोड़ लोग एक समय में योग कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे। यह खुलासा भारत स्वाभिमान न्यास की बैठक में बाबा रामदेव ने किया।

उन्होंने कहा कि 23 मार्च को दोपहर 3 से 6 बजे के मध्य योग का समय रखा है। वह विभिन्न राज्यों में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। यहां आने से पहले वह फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र में बैठकें कर चुके हैं।

शनिवार को चंडीगढ़ में बैठक करेंगे। इसके बाद वाराणसी, लखनऊ सहित अन्य राज्यों में 31 जनवरी तक बैठकों का दौर चलेगा।

होटल पीटरहॉफ में हुई न्यास की बैठक में रामदेव ने पदाधिकारियों से कहा कि वे योग महोत्सव को सफल बनाने और न्यास की पहुंच को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य करें।

योग की सभी जिलों में समितियां तो हैं, लेकिन तहसील, खंड और पंचायत स्तरों पर सभी जगह समितियां नहीं हैं। तहसील स्तर पर 114 में से 109, खंड स्तर पर 492 में से 332 और 3200 पंचायतों में से 1880 में समितियों का गठन किया है।

जिन स्तरों पर समितियों का गठन नहीं हुआ है, उनका गठन कर भारत स्वाभिमान न्यास को मजबूत बनाएं। बैठक शिमला के अलावा किन्नौर, मंडी, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, धर्मशाला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों से 713 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस दौरान रामदेव ने न्यास के राज्य प्रभारी लक्ष्मीदत्त शर्मा को पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल का केंद्रीय प्रभारी नियुक्त किया है। सह राज्य प्रभारी नरेश कुमार को राज्य प्रभारी की जिम्मेवारी सौंपी है।

लक्ष्मीदत्त शर्मा ने कहा कि बैठक को सफल बनाने में नरेंद्र, रोशन, ठाकुर सिंह वर्मा, इंद्र सिंह धीमान, शांति रावत, मंजीत, सुनील वर्मा, बाबूराम, अशोक शर्मा सहित कई पदाधिकारियों ने सहयोग दिया।

Related posts