सेना में सेवा करना गौरव की बात : रवि

मंडी। सेना भर्ती कार्यालय मंडी से शुक्रवार को भारतीय सेना की डोगरा रेजिमेंट में चयनित लाहुल -स्पीति के 74 जवानों को प्रशिक्षण के लिए फैजाबाद भेजा गया। इस अवसर पर लाहुल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर विशेष रूप से मौजूद थे। सेना भर्ती कार्यालय मंडी के निदेशक कर्नल एसडी माथुर ने बताया कि पहली बार लाहुल-स्पीति और काजा में भारतीय सेना की ओर से भर्ती की गई। इसमें भारतीय सेना के लिए सोल्जर जीडी और लिपिक की भर्ती की गई। शारीरिक, मेडिकल और लिखित परीक्षा के बाद 74 जवानों का चयन हुआ।
रवि ठाकुर ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के इन युवाओं को देश सेवा करने का बेहतर मौका मिला है। ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना में सेवा करने का अपना ही एक गौरव है। सेना में अनुशासन के चलते बेहतर इंसान बनने का मौका मिलता है। उन्होंने चयनित जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं पर मंडी स्थित बीआरओ कार्यालय के लिए प्रदेश सरकार से भूमि उपलब्ध करवाने की भी उन्होंने मांग की है। कहा कि वे इस बारे में राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह से बात करेंगे। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की हमीरपुर रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंडी जिले के धर्मपुर से इस रैली के लिए 20 और सरकाघाट से 15 गाड़ियां जाएंगी। सदर मंडी, सुदरनगर, जोगिंद्रनगर और सराज से दस-दस तथा नाचन से आठ गाड़ियां हमीरपुर रैली में जाएंगी। इसके अलावा लोगों के व्यक्तिगत वाहन अलग से होंगे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर और डा.चंद्रशेखर भी मौजूद थे।

Related posts