
चंबा। शहर में किसी भी सूरत में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ने अतिक्रमण को रोकने के लिए एक विशेष अभियान छेड़ा हुआ है। इस अभियान के तहत रूटीन से शहर की दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। शुक्र वार को पुलिस की टीम ने चौकी प्रभारी मनोज वालिया की अगुवाई में शहर की दुकानों का निरीक्षण किया। इस मौके पर दुकानदारों की ओर से दुकान से बाहर सड़क किनारे रखे सामान को हटाया गया। साथ ही सड़क में दुकानदारी सजाकर बैठे रहड़ी-फड़ी वालों को भी हटाया। यही नहीं पोस्ट अॅाफिस के पास लगी चाउमिन, मोमो, बंद टिक्की व अन्य रेहड़ी वालों का सामान भी सड़क से हटाया गया। यहां पर रेहड़ी वाले सड़क तक पहुंच गए थे। चौकी प्रभारी मनोज वालिया ने बताया कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा हालांकि कुछ दुकानदार चेतावनी देने के बाद सामान को दुकान के बाहर रखने से परहेज करने लगे हैं, लेकिन जो दुकानदार बार-बार हिदायत देने के बाद भी मनमानी कर रहे हैं, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे सामान होने के कारण जहां ट्रैफिक जाम होता हैं, वहीं राहगीरों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। उन्होंने सभी दुकानदारों को हिदायत दी है कि भविष्य में दुकानों के बाहर सामान न रखें।
इंसेट………….
सरेआम कश लगाने वालों से वसूले 600 रूपये
पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वालों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विशेष अभियान के तहत वीरवार को सरेआम बीड़ी व सिगरेट पीने वाले पांच लोगों के चालान काटे गए। इसके अलावा उनके छह सौ रूपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान न करने की चेतावनी दी गई।
इंसेट………
यातायात नियमो का उल्लंघन करने वालों के चालान
यातायात नियमो का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस ने नुकेल कसनी शुरू कर दी है। पुलिस की टीम ने चौकी प्रभारी मनोज वालिया की अगुवाई में वीरवार को आठ चालान काटे। इसमें अधिक्तर चालान बिना हैल्मेंट दुपहिया वाहन चलाने वालों के काटे गए। इसके अलावा बिना लाइसेंस के वाहन चलाने वाले चालकों के चालान काटे।
