
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि भारतीय उपमहाद्वीप में शांति और स्थिरता के लिए भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बेहतर संबंध अत्यावश्यक है।
पाक दैनिक ‘द डान’ में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, तुर्की मीडिया को कल दिए साक्षात्कार में शरीफ ने कहा कि भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच परस्पर मित्रतापूर्ण व्यवहार ही इस क्षेत्र को स्थिर और खुशहाल बना सकेगा। इन तीनों देशों के बीच मित्रतापूर्ण संबंध के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।
अफगानिस्तान के साथ अपने संबंध को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान की शांति बरकरार रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। शरीफ ने अफगानिस्तान के साथ लगती सीमा पर सामान्य हालात पैदा करने और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष के प्रति पाकिस्तान की वचनबद्धता दोहराई। उन्होंने साथ ही पाकिस्तान के उभरते बाजार और व्यवसाय के बेहतर अवसर की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए निवेशको को यहां आने का न्यौता दिया।
