
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने दक्षिण एशियाई मामलों के विशेषज्ञ राजनयिक एजाज चौधरी को नया विदेश सचिव नियुक्त किया है। उदारवादी छवि के लिए प्रसिद्ध चौधरी इसके अलावा विदेश सचिव और विदेश विभाग के प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मुंबई हमले के समय एजाज विदेश विभाग में महानिदेशक की भूमिका में थे और भारतीय राजनयिकों के साथ नियमित तौर पर संवाद किया। मौजूदा विदेश सचिव जलील अब्बास जिलानी को पहले ही वाशिंगटन में पाकिस्तान का राजदूत नामित किया जा चुका है।
विदेश विभाग के प्रवक्ता तसनीम असलम ने कल संवाददाताओं को बताया, ‘’फैसला हो गया है, हालांकि निवर्तमान विदेश सचिव अभी पदासीन हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद यह आधिकारिक हो जाएगा।’’
